मुजफ्फरनगर। दिल्ली में हुए बम विस्फोट के बाद मुजफ्फरनगर पुलिस अलर्ट पर है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा के आदेश पर जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चरथावल थाना क्षेत्र की दधेड़ू चौकी इंचार्ज पुष्पेंद्र कुमार ने अपनी टीम के साथ वाहनों की गहनता से जांच की।
यह अभियान एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देश और सीओ सदर डॉ. रवि शंकर के निर्देशन में सभी चौकी क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। गौरतलब है कि दो दिन पहले राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास एक बम विस्फोट हुआ था, जिसमें कई लोग हताहत हुए थे। इसके मद्देनजर एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों और चौकी इंचार्जों को अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने के आदेश दिए थे।
दधेड़ू चौकी इंचार्ज पुष्पेंद्र कुमार ने सुबह तड़के अपनी टीम के साथ चौकी पर छोटे-बड़े सभी वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली। वाहनों की डिग्गियों की गहनता से जांच की गई और आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की गई। संदिग्ध व्यक्तियों से आधार कार्ड भी मांगे गए और क्षेत्र में घूमने का कारण पूछा गया। सब इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि एसएसपी के आदेशों का पालन करते हुए क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान दिन और रात दोनों समय जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि दधेड़ू क्षेत्र में किसी भी खुराफाती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।