मुजफ्फरनगर में ई-रिक्शा चालक-राहगीरों में मारपीट: पैर पर पहिया चढ़ने से विवाद

मुजफ्फरनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के थाना तितावी क्षेत्र स्थित बघरा बस स्टैंड पर बुधवार को ई-रिक्शा चालक और राहगीरों के बीच मारपीट हो गई। यह विवाद ई-रिक्शा का पहिया एक राहगीर के पैर पर चढ़ने के बाद शुरू हुआ, जिसने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई। इससे बस स्टैंड पर तनाव का माहौल बन गया। इस घटना का एक वीडियो किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बघरा बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं। इससे आए दिन जाम और विवाद की स्थिति उत्पन्न होती रहती है। उनका आरोप है कि प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिसके कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।