मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण एक संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना बुधवार सुबह फुगाना थाना क्षेत्र में उस समय हुई जब लाइनमैन खेत में खराब हुई बिजली लाइन को ठीक कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, मृतक लाइनमैन ने कार्य शुरू करने से पहले शटडाउन लिया था। इसके बावजूद, बिजली की लाइन में अचानक करंट दौड़ गया, जिससे उसे जोरदार झटका लगा और वह खंभे से नीचे गिर गया।
मृतक लाइनमैन की पहचान फुगाना गांव निवासी दीपक पुत्र मदन लाल के रूप में हुई है। वह फुगाना स्थित बिजलीघर पर तैनात था और बुधवार सुबह खेत में खराब हुई विद्युत लाइन को ठीक करने गया था।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों और उसके साथियों ने तुरंत दीपक को शामली जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दीपक की मौत से परिजनों में शोक व्याप्त है।
इस गंभीर हादसे के बावजूद, विद्युत विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही पीड़ित परिवार से मिलने की जहमत उठाई। विभाग के इस रवैये को लेकर ग्रामीणों और परिजनों में गहरा रोष है।
ग्राम प्रधान जितेंद्र मलिक ने बताया कि दीपक के पिता मदन लाल की मौत भी पहले करंट लगने से हुई थी। दीपक अपने पिता के स्थान पर ही काम कर रहा था।