मुजफ्फरनगर के रोहाना टोल पर क्रेन में आग: लाखों का नुकसान

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जनपद के रोहाना टोल प्लाजा पर खड़ी एक क्रेन में देर रात अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में क्रेन पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात टोल प्लाजा के पास हुई। वाहन खींचने वाली क्रेन में अचानक आग लगने से आसपास मौजूद लोगों ने उसे बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, आग ने जल्द ही विकराल रूप ले लिया।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने तक क्रेन पूरी तरह जल चुकी थी। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।