मुजफ्फरनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के बझेड़ी रोड से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ युवक चलती गाड़ियों के काफिले के साथ खतरनाक स्टंट करते दिख रहे हैं।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक चलती गाड़ियों की खिड़कियों पर लटके हुए हैं और कुछ गाड़ियों की छतों पर बैठकर यात्रा कर रहे हैं। यह कृत्य न केवल उनकी जान जोखिम में डाल रहा है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी खतरा पैदा कर रहा है।
हैरानी की बात यह है कि जैसे ही यह काफिला सड़क से गुजरता है, आसपास के छोटे बच्चे भी इन गाड़ियों के पीछे दौड़ते नजर आते हैं। यह स्थिति किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं अब आम हो गई हैं। उनके अनुसार, सख्त कार्रवाई न होने के कारण युवाओं के हौसले बढ़ रहे हैं और खुलेआम यातायात नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है, जिस पर प्रशासन का कोई नियंत्रण नहीं दिख रहा।
इससे पहले, रविवार को मुज़फ़्फ़रनगर-जौली रोड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस वीडियो में एक युवक बाइक से सड़क पर खतरनाक स्टंट करते हुए दिखाई दिया था।