सांप के काटने से हुई मौत, मरने के बाद तीन घंटे झाड़ फूंक में लगे रहे परिजन

मुजफ्फरनगर। यूपी के मुजफ्फरनगर में अब भी लोग झाड़ फूंक के चक्कर में अपनों को खो रहे हैं। यहां तक की मौत के बाद भी झाड़ फूंक में लग रहे हैं। हाल ही में एक मामला कम्हेड़ा गांव का देखने को मिला। बताया जा रहा है कि गांव में रविवार को 65 वर्षीय असलम को ईंटों के ढेर से निकले एक सांप ने काट लिया। परिजन उसे जिला चिकित्सालय ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घर आने के बाद परिजन शव को लेकर तीन घंटे इधर-उधर झाड़ फूंक के चक्कर में घूमते रहे। बाद में उसे सुपुर्द ए खाक कर दिया।

मामले में मिली जानकारी के अनुसार ककरौली थाना क्षेत्र के कम्हेड़ा गांव निवासी असलम 65 वर्षीय रविवार को घर से बाहर लघुशंका के लिए जा रहा था। घर के बाहर पुरानी ईंटों के ढेर में से अचानक एक जहरीला सांप निकल आया और उसके पैर में डस लिया। सांप वापस ईंटों के ढेर में घुस गया। परिजनों को इस बात की जानकारी हुई तो उसे तुरंत जिला चिकित्सालय ले गए।

अस्पताल में चिकित्सकों ने असलम को मृत घोषित कर दिया। घर आने के बाद परिजन असलम के दोबारा जिंदा होने की उम्मीद से शव को लेकर तीन घंटे इधर-उधर झाड़ फूंक के चक्कर में घूमते रहे। इसके बाद परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।

असलम की मौत से पत्नी नफीसा, मां खातून, पुत्र अनस, साजिद, गुलबहार, पुत्री साईस्ता, भूरी, शिबा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि असलम खेती-बाड़ी करता था। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।