मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के मीरापुर क्षेत्र में शनिवार सुबह सीजन का पहला घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई, जिससे चालकों को हेडलाइट और पार्किंग लाइट जलाकर आवाजाही करनी पड़ी।
यह इस महीने के आखिरी हफ्ते में पहला मौका था जब मीरापुर क्षेत्र में सुबह से ही घना कोहरा देखा गया। नगर से लेकर देहात तक चारों ओर कोहरे की चादर बिछी रही, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। मीरापुर थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने कोहरे की शुरुआत को देखते हुए वाहन चालकों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी यातायात नियमों का पालन करें। बड़े वाहन चालकों को अपने वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने और कम गति में वाहन चलाने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।