मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र में दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे 59 पर स्थित सिसौना में पुलिस ने दो ढाबों पर छापा मारा। हुक्का पिलाने के आरोप में दो ढाबा मालिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से हुक्के भी जब्त किए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सिसौना में ‘नमस्ते हरियाणा’ ढाबे और उसके पास के एक अन्य ढाबे पर सार्वजनिक रूप से हुक्का परोसा जा रहा था। ग्रामीणों ने बताया था कि कुछ ढाबों पर चारपाई बिछाकर हुक्का पिलाया जाता है। ‘नमस्ते हरियाणा’ ढाबे पर बिना पंजीकरण के ओयो होटल चलाने की जानकारी भी मिली थी।
सूचना मिलने के बाद छपार पुलिस ने ढाबों पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से हुक्के जब्त किए और दो ढाबा मालिकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरनगर के इंदिरा कॉलोनी, थाना सिविल लाइन निवासी मान वत्स पुत्र चंद्रशेखर और गांव सिसौना निवासी शेरसिंह पुत्र करतार सिंह के रूप में हुई है।
छपार थानाध्यक्ष मोहित चौधरी ने बताया कि दोनों ढाबों से हुक्के जब्त कर लिए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
एक ग्रामीण शेर सिंह ने 112 पर कॉल कर पुलिस को खुलेआम हुक्का परोसे जाने की सूचना दी थी। उन्होंने इसकी जांच की मांग की थी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।