रविदास जयंती पर डीजे विवाद: मुजफ्फरनगर के घिस्सूखेड़ा गांव में दो पक्षों में मारपीट

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के घिस्सूखेड़ा गांव में रविदास जयंती समारोह के दौरान डीजे के शोर को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। रविवार को हुए इस विवाद ने जल्द ही मारपीट का रूप ले लिया, जिससे गांव में तनाव फैल गया।

जानकारी के अनुसार, संत शिरोमणि रविदास जयंती समारोह में डीजे बजाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि एक पक्ष ने डीजे की आवाज कम करने को कहा, जिस पर दूसरे पक्ष से कहासुनी शुरू हो गई। यह बहस जल्द ही उग्र हो गई और दोनों पक्षों के लोगों ने लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की दर्जनों महिलाएं चरथावल थाने पहुंचीं।

उन्होंने पुलिस को पूरी घटना बताते हुए आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने उनके साथ अभद्रता और मारपीट की है। थाने में महिलाओं की भीड़ और हंगामे को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पक्ष को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।