मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। फायरिंग के दौरान चार बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि दो को पुलिस ने कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर गिरफ्तार किया। मौके से दो कारें, एक बाइक, चार तमंचे, कई कारतूस और चोरी के ट्रांसफार्मर उपकरण बरामद किए गए हैं।
शेरा पंजाब होटल के पास हुई मुठभेड़
पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रांसफार्मर चोरी में शामिल एक गिरोह तितावी क्षेत्र में सक्रिय है। सूचना पर सीओ रूपाली राय के निर्देशन में पुलिस टीम ने घेराबंदी की, लेकिन बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिसमें चार बदमाश घायल हो गए।
घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बाकी दो बदमाश मौके से भाग निकले, लेकिन पुलिस ने रातभर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरोह बड़े पैमाने पर ट्रांसफार्मर चोरी में लिप्त
सीओ रूपाली राय ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर चुराकर उन्हें कबाड़ी बाजार में बेचने वाले संगठित गिरोह का हिस्सा हैं। यह गिरोह मेरठ, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर के कई इलाकों में सक्रिय था। पुलिस ने बताया कि इनके पास से बरामद ट्रांसफार्मर पार्ट्स की कीमत लाखों रुपये है।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान मेरठ के सरधना थानांतर्गत खारी कुआं गांव निवासी आरिफ उर्फ पिर्री (40), बूढ़ा बाबू मोहल्ला निवासी राशिद उर्फ पप्पू (32), भोला रोड थाना क्षेत्र के शेखपुरी निवासी अरशद (26), गाजियाबाद के लोनी ग्रामीण थाना क्षेत्र के अशोक विहार निवासी समीर उर्फ शहजाद (34), मोदी नगर थाना क्षेत्र के किदवई नगर निवासी जानू उर्फ जान मोहम्मद (38) और मोदी नगर के गोविंदपुर अंतर्गत संतपुरा निवासी सोनू उर्फ अजीत (38) के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा- गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है। बदमाशों के मोबाइल फोन और बरामद कारों के जरिए उनके नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में लगातार हो रही ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की संभावना है।
सीओ रूपाली राय ने बताया- गिरोह संगठित तरीके से ट्रांसफार्मर काटकर तांबा निकालता था और उसे बेच देता था। सभी गिरफ्तार आरोपी पहले भी चोरी और लूट के मामलों में जेल जा चुके हैं।