मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के खतौली स्थित गांव चंदपुरी में तीन दिन पहले एक किसान पर हमला किया गया। बैलगाड़ी से एक कार में खरोंच आने के बाद हुए विवाद में किसान को पीटा गया। पुलिस ने इस मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
चंदपुरी निवासी सुनील पुत्र जसवंत खेती का काम करते हैं। किसान सुनील के अनुसार, तीन दिन पहले वह अपनी बैलगाड़ी लेकर खेत जा रहे थे। गांव में रामपाल के घर के सामने उनके बेटे अंकुर की गाड़ी खड़ी थी। सुनील ने अंकुर से गाड़ी हटाने और रास्ता देने को कहा।
इसी बात पर सुनील और अंकुर के बीच कहासुनी हुई और गाली-गलौज भी हुई। सुनील बैलगाड़ी लेकर आगे बढ़ गए, जिससे गाड़ी में खरोंच आ गई। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद अंकुर ने गांव के नितिन, मोनू और जोगेंद्र पुत्र धर्मपाल के साथ मिलकर उन्हें बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी। सुनील किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
सुनील की तहरीर के आधार पर खतौली पुलिस ने अंकुर और उसके साथियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी दिनेश बघेल ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की छानबीन की जा रही है। हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।