मुजफ्फरनगर में तेल और केमिकल गोदाम में आग: 3 घंटे में आग पर काबू

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में सोमवार दोपहर नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चरथावल रोड स्थित एन आर ट्रेडिंग कंपनी के तेल-केमिकल गोदाम में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक आसमान में दिखाई देता रहा।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की कुल सात गाड़ियां लगाई गईं। जिनमें पांच फायर टेंडर मुजफ्फरनगर अग्निशमन विभाग के और दो बाहर से मंगवाए गए। आग की भयावहता को देखते हुए दमकलकर्मियों को इसे नियंत्रित करने में लगभग 3 घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

स्थानीय लोगों में आक्रोश आग लगने के कारण गोदाम में रखा काला तेल पिघलकर सड़कों पर बहने लगा। जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई। यह गोदाम आवासीय कॉलोनी के पास स्थित है। जिस कारण दमकल विभाग ने पूरी सतर्कता और क्षमता के साथ आग पर काबू पाने का प्रयास किया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का आरोप है कि इलाके में काले तेल के दो अवैध गोदाम संचालित हो रहे हैं, जिनमें हजारों-लाखों लीटर तेल का भंडारण किया जाता है। इससे भविष्य में भी किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।

अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह ने बताया कि 22 दिसंबर को शहर कोतवाली के बुढाना पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थित एन आर ट्रेडिंग कंपनी के तेल गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल टीम फायर टेंडरों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद देर शाम आग पर काबू पाया गया।

उन्होंने बताया कि यह गोदाम काले तेल और केमिकल सामग्री का है। दो साल पूर्व भी इसी गोदाम में आग लग चुकी है। विभाग की ओर से गोदाम संचालकों को कई बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद भारी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री का भंडारण किया गया था। फिलहाल आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे। उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।