मुजफ्फरनगर में 20 हजार का इनामी गैंगस्टर एनकाउंटर में घायल: फायरिंग के बाद दबोचा

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ लगातार जारी है। गुरुवार देर रात नगर कोतवाली पुलिस और 20 हजार रुपए के इनामी गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई है।

एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे नगर कोतवाली पुलिस काली नदी पुल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा।

पीछा करने पर पुलिस टीम पर की फायरिंग

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी का पीछा किया। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।

पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश नितिन उर्फ हरिओम पुत्र इंद्रपाल निवासी ग्राम मसौता, थाना मसूरी, जनपद गाजियाबाद घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र करीब 37 वर्ष बताई जा रही है।

30 से ज्यादा मुकदमे दर्ज

एएसपी के मुताबिक नितिन उर्फ हरिओम शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ अलग-अलग जनपदों के थानों में 30 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह नगर कोतवाली में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में भी वांछित चल रहा था।

एसएसपी ने घोषित किया था इनाम

पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद बाइक, अवैध तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।