मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के शाहपुर क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत से ग्रामीण परेशान हैं। पिछले चार दिनों से गैस आपूर्ति बाधित होने के कारण उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शाहपुर इंडियन गैस सर्विस सेंटर के गोदाम के बाहर सुबह से ही ग्राहकों की लंबी कतारें लग रही हैं। लोग खाली सिलेंडर लेकर घंटों अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। इन कतारों में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। गैस उपलब्ध न होने के कारण कई घंटों के इंतजार के बाद भी ग्राहकों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि एजेंसी संचालक मनमानी कर रहा है और समय पर गैस उपलब्ध नहीं करा रहा। कुछ उपभोक्ताओं ने वितरण में पारदर्शिता की कमी का भी आरोप लगाया है। गैस की कमी के चलते ग्रामीणों की रसोई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। कई परिवारों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। फिलहाल, एजेंसी प्रबंधन की ओर से इस मामले पर कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द गैस आपूर्ति सुचारू कराने और अनियमितताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। जिला पूर्ति अधिकारी हरिओम उपाध्याय से संपर्क करने का प्रयास किया गया। सुबह करीब 10 बजे उन्हें कई बार कॉल की गई, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला।