मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे से एक 18 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दो युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बा बुढ़ाना निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बेटी 15 फरवरी की रात करीब तीन बजे घर से अचानक गायब हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश आसपास और रिश्तेदारों में की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
बाद में परिजनों को जानकारी मिली कि एक युवक अपने साथी के साथ युवती को बहला-फुसलाकर ले गया है। परिजनों का यह भी आरोप है कि आरोपी युवक पहले भी उनके घर के आसपास आता-जाता था। घर से सोने-चांदी के कुछ सामान और नकदी भी गायब मिली है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से तत्काल करने और युवती की सकुशल बरामदगी की मांग की है। बुढ़ाना प्रभारी सुभाष बाबू अत्री नें बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और युवती की तलाश के लिए एक टीम गठित की गई है। पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।