खुशखबरीः परतापुर से मुजफ्फरनगर तक सिक्स लेन हाइवे पास-जानकर झूमे लोग

मुजफ्फरनगर। एनएचएआई के चेयरमैन संतोष कुमार यादव ने बताया कि एनएच-58 के चौड़ीकरण की डीपीआर तैयार की जा रही है। परतापुर से मुजफ्फरनगर के बीच छह लेन हाईवे पर 21 फ्लाईओवर बनेंगे। एनएचएआई सभी हाईवे पर ऑप्टीकल फाइबर के केबिल बिछाने की योजना बना रहा है। मिट्टी बेशकीमती होती है, इसी वजह से अब हाईवे निर्माण में सॉलिड और फर्टिलाइजर वेस्ट का प्रयोग भी किया जाएगा।

मंगलवार को अधिवक्ताओं के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे चेयरमैन ने बताया कि परतापुर से मुजफ्फरनगर तक करीब 80 किमी के हाईवे को छह लेन किया जाएगा। मुजफ्फरनगर में हाईवे चौड़ीकरण की लंबाई 40.11 किमी रहेगी, जिसकी डीपीआर तैयार की जा रही है। पीनना के पास भी एक अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा।

ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के रूप में प्रस्तावित करीब 650 किमी लंबे शामली-गोरखपुर एक्सप्रेस वे एलाइनमेंट बनाया जाएगा। फिलहाल यह चार लेन का बनाया जाएगा। शामली से गोरखपुर तक एलाइनमेंट पर काम चल रहा है।

वहलना में जंक्शन से आसान होगा आवागमन : एनएचएआई की ओर से वहलना चौक पर जंक्शन का निर्माण कराए जाने की तैयारी है। इसके लिए 185 करोड़ रुपये का बजट तैयार किया गया है। यहां से गुजरने वाले प्रत्येक रास्ते पर वाहनों का आवागमन आसानी से होगा सकेगा। हादसों पर नियंत्रण लगेगा और यातायात व्यवस्था बेहतर रहेगी। एनएचएआई के चेयरमैन ने बताया कि फ्लाईओवर 30 करोड़ रुपये में भी बन सकता था लेकिन सुरक्षा और सुविधा सहित अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रख निर्माण पर 185 करोड़ का खर्च किए जाएंगे। भविष्य में मुजफ्फरनगर के लिए यह मील का पत्थर साबित होगा। हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जौली रोड बिलासपुर कट पर अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा।