मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत रुड़की रोड स्थित बिजलीघर के पास सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अवैध शराब की बिक्री के आरोप को लेकर एक महिला और एक बुजुर्ग के बीच तीखी झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने अपना आपा खो दिया और बुजुर्ग को मारने के लिए चप्पल निकाल ली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने किसी तरह हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया।
शराबियों की महफिल से ग्रामीण परेशान
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरके टी स्टॉल नामक खोखे पर चाय-नाश्ते की आड़ में अवैध रूप से शराब बेची जाती है और वहां शराबियों को बैठाकर पिलाया भी जाता है। मौके पर देशी शराब के खाली टेट्रा पैक दिखाते हुए लोगों ने दावा किया कि शाम होते ही यहाँ असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। इसी बात से आक्रोशित एक महिला ने बुजुर्ग पर शराबियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया, जिसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई की नौबत आ गई।
उल्लेखनीय है कि इसी इलाके में सोमवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का संदिग्ध अवस्था में शव मिला था, जिसकी मौत का कारण अत्यधिक शराब का सेवन माना जा रहा है। इस घटना के बाद से ही मोहल्लेवासियों में गहरा रोष था, जो सोमवार शाम इस हंगामे के रूप में फूट पड़ा। बुजुर्ग ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास गश्त बढ़ा दी गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।