पुरकाजी में हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या, चाचा समेत 3 लोगों ने की वारदात

History sheeter shot dead in Purkaji, 3 people including uncle committed the crime

मुजफ्फरनगर। Murder Of History Sheeter: गांव दादूपुर निवासी मोनू पुरकाजी थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसकी अपने चाचा से रंजिश चल रही थी। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश में चाचा पक्ष ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुरकाजी क्षेत्र में खादर के गांव दादूपुर में बाइक सवार हिस्ट्रीशीटर मोनू (32) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने अपने चाचा सहित तीन लोगों पर रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। जिला अस्पताल में पहुंचकर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने परिजनों से जानकारी ली।

गांव निवासी मोनू बृहस्पतिवार शाम के समय कहीं से बाइक पर सवार होकर घर आ रहा था। घर से पहले ही रास्ते में उसकी कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। जिसके बाद उसे पेट में गोली मार दी गई, जिससे वह लहूलुहान हो गया। गोली मारकर हमलावर फरार हो गए।

मोनू को गोली मारने की घटना से गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी पाकर युवक के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस पहुंची और मामले की जानकारी ली। साथ ही परिजनों के साथ मोनू को जिला अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सीओ सदर रवि शंकर मिश्रा ने जिला अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। परिजनों ने मोनू के सगे चाचा सहित तीन लोगों पर रंजिशन हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

हिस्ट्रीशीटर था मोनू
मोनू पुरकाजी थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी था। थाना पुलिस ने बताया कि आरोपियों का घर रास्ते में है। उन्होंने घर जा रहे मोनू को रास्ते में रोककर गोली मारी। देर शाम एसएसपी ने थाने पहुंचकर मामले की जानकारी ली। बताया गया कि पूछताछ के लिए एक महिला सहित दो लोगों को थाने लाया गया है। सर्विलांस सहित पुलिस की तीन टीमें जांच व कार्रवाई में लगी हैं।