मुजफ्फरनगर में होमगार्ड ने भोपा गंगनहर में लगाई छलांग: पुल पर मोबाइल-पर्स रखकर कूदा

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में तैनात एक होमगार्ड ने बुधवार दोपहर भोपा स्थित गंगनहर पुल से छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तुरंत पहुंचकर जानकारी जुटाई और पीएसी बाढ़ राहत टीम की मदद से होमगार्ड की तलाश शुरू कर दी है।

थाना छपार क्षेत्र के रामपुर तिराहा निवासी 55 वर्षीय आनंद कुमार पुत्र रतन सिंह अपनी बाइक से भोपा पुल पर पहुंचे। उन्होंने बाइक नहर की पश्चिमी पटरी पर खड़ी की और कुछ देर तक बदहवास हालत में इधर-उधर टहलते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आनंद पुराने पुल पर बनी दीवार और तारबाड़ को फांदकर पुल के मध्य में पहुंचे।

इसके बाद उन्होंने अपना मोबाइल फोन और पर्स पुल की मेढ़ पर रखा और तुरंत नहर में छलांग लगा दी। आनंद को नहर में कूदते देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई।

सूचना मिलने पर सीओ देवव्रत वाजपेयी और प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह भी मौके पर पहुंचे। मोबाइल और पर्स में मिले कागजात से आनंद की पहचान हुई, जिसके बाद उनके परिजनों को सूचित किया गया।

नहर में डूबे अलीशान के शव की तलाश में पहले से जुटी मेरठ की 44 पीएसी बाढ़ राहत दल की टीम ने आनंद की भी तलाश शुरू कर दी। गोताखोर राजीव बेनीवाल ने भी नहर में आनंद की खोज की, लेकिन शाम तक उनका कोई पता नहीं चल सका।

मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि आनंद ने गृह क्लेश के चलते यह कदम उठाया है। आनंद के परिवार में उनकी पत्नी कविता देवी और दो शादीशुदा बेटे राहुल कुमार व सोनू कुमार हैं। क्षेत्राधिकारी देवव्रत वाजपेयी ने पुष्टि की कि गंगनहर में होमगार्ड आनंद कुमार की तलाश जारी है। आनंद होमगार्ड के रूप में मुजफ्फरनगर ट्रैफिक पुलिस में तैनात थे।