मुजफ्फरनगर। शाहपुर क्षेत्र के गांव बसीकलां में रात के समय घर में घुसकर महिला और उसके चार बच्चों पर जानलेवा हमला किया गया। चार वर्षीय बच्ची इसरा को पानी के टैंक में फेंक दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मां फिरदौस के पेट में चाकू लगने से हालत गंभीर हो गई, जिन्हें जिला अस्पताल से मेरठ रेफर किया गया। अन्य बच्चे शाद (9), आयशा (8) और नबिया (7) भी चाकू लगने से घायल हुए, जिनका शाहपुर सीएचसी में उपचार कराया गया।
मौके पर पहुंचे एसपी देहात, सीओ अथर थाना प्रभारी
सूचना पर एसपी देहात आदित्य बंसल, सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह, थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस को घटनास्थल से संदिग्ध सामग्री मिली और अहम सुराग हाथ लगे, जिनके आधार पर कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कई थानों की पुलिस जांच में जुटी
डॉग स्क्वॉयड, फोरेंसिक टीम और एसओजी समेत कई थानों की पुलिस जांच में जुटी है। एसपी देहात ने बताया कि घटना के जल्द खुलासे के लिए टीमें गठित कर कार्रवाई की जा रही है।