पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में बीती रात लुटेरों ने प्रॉपर्टी डीलर नासिर अली के घर पर कहर बरपाया. जहां हेलमेट और हथियारों से लैस 3 शातिर लुटेरे घर में घुसे और तमंचे के बल पर परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर बड़ी लूट को अंजाम दिया. लूट की सूचना पर पहुंची पुलिस कई टीमों का गठन कर घटना के खुलासे में लगी हुई है.
कहां की है ये मामला?
दरअसल मामला खतौली थाने से चंद कदमों की दूरी का है जहां बेखौफ तीन बदमाशों ने खतौली थाने के मोहल्ला लाल मोहम्मद के एक घर को निशाना बनाते हुए 61 तौला सोने–चांदी के आभूषण और लगभग 12–13 लाख रुपये की नकदी लूट कर इलाके में सनसनी फैला दी. आपको बता दें लुटेरों ने घटना के दौरान घर में मौजूद भतीजे, पुत्र और उनकी पत्नियों को बंधक बना लिया, जबकि घर के कुछ सदस्य रहमतनगर में शादी समारोह में गए हुए थे.
तीन दिन पहले थी भांजी की शादी
बताया जा रहा है कि 3 दिन पहले नासिर अली ने अपनी भांजी की शादी की थी, जिसके चलते घर में कीमती सामान और नकदी मौजूद थी. वही पीड़ित नासिर अली प्रॉपर्टी डीलर ने बताया कि 61 तोले सोने चांदी के आभूषण और तकरीबन 12 से 13 लाख रुपए की नगदी बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर लूट ली है.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
नासिर अली अपने दो भाइयों के साथ एक ही मकान में साझे में रहता था. वहीं वारदात की सूचना पर SSP मुजफ्फरनगर संजय वर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कई टीमों का गठन किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. अब देखने वाली बात होगी थाने से चंद कदमों की दूरी पर हुई परिवार को बंधक बनाकर एक बड़ी लूट की वारदात का पुलिस कब तक खुलासा करती है.