मुजफ्फरनगर। मोरना निवासी छात्रा मुजफ्फरनगर स्थित कोचिंग सेंटर से लौट रही थी। परिजनों से कहा था कि थोड़ी देर में घर आ रही है। फिर अचानक ही उसने नहर में कूदकर जान दे दी। पुलिस ने मामले की जांच की बात कही है।
मुजफ्फरनगर कोचिंग सेंटर से लौट रही मोरना निवासी छात्रा ने गंगनहर में छलांग लगा दी। दो युवकों ने कड़ी मेहनत कर उसे नहर से बाहर निकाला और ग्रामीणों के सहयोग से सीएचसी पर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव मोरना निवासी छात्रा मुजफ्फरनगर कोचिंग के लिए जाती थी। शुक्रवार को भी वह कोचिंग के लिए गई थी। शाम को परिजनों ने जब उसे फोन किया तो उसने बताया कि वह वापस आ रही है और बस में है। बस रहकड़ा पुलिया पर है।
इसके बाद परिजनों ने कुछ देर बाद फिर फोन किया तो उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसी को लेकर परिजन चिंतित हुए और भोपा की ओर दौड़ पड़े। जब तक भोपा पहुंच पाते उससे पहले ही छात्रा ने गंग नहर में छलांग लगा दी।
राजीव बेनीवाल और एक अन्य युवक ने उसे मुश्किल से बाहर निकाला और सीएचसी पर ले गये। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना किसी कार्यवाही के छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया।
उधर, कई दिन बीत जाने के बाद भी बेलड़ा पुल से नहर में छलांग लगाने वाली वृद्ध महिला व बेहड़ा थ्रू के युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका हैं। परिजन जगह-जगह गंग नहर पर पहरा दे रहे हैं।