मुजफ्फरनगर के चौरावाला में मां-बेटे से अभद्रता: तीन पर केस दर्ज

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के चौरावाला गांव में कुल देवी-देवताओं का पूजन करने गए मां-बेटे से अभद्रता का मामला सामने आया है। दूसरे समुदाय के तीन व्यक्तियों पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

ककरौली थाना क्षेत्र के चौरावाला निवासी शशिदेवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने बेटे नितिन के साथ खेतों पर बने कुल देवी-देवताओं का पूजन करने गई थीं। वहां गांव के ही शमीम हसन, शैदा हसन और मुन्ना मौजूद थे। शशिदेवी के अनुसार, तीनों आरोपियों ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने खेत की ओर आने पर जान से मारने की धमकी दी।

शशिदेवी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों के साथ उनकी जमीन को लेकर जानसठ तहसील में पुराना विवाद चल रहा है। उन्होंने अपने बेटे की जान को खतरा बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष जोगेंद्र ने बताया कि शशिदेवी की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों शमीम हसन, शैदा हसन और मुन्ना के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।