मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के दधेड़ू कला गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली लूट की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि, जांच में यह मामला आपसी विवाद का निकला, जिसके बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
लूट की यह सूचना इरफान पुत्र शराफत निवासी शेरपुर, थाना कोतवाली नगर, जनपद मुजफ्फरनगर ने दी थी। इरफान ने पुलिस को बताया था कि उसकी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिनदहाड़े लूट ली गई है। सूचना मिलते ही दधेड़ू चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस की गहन जांच में सामने आया कि यह मामला लूट का नहीं, बल्कि खेत से मिट्टी उठाने को लेकर हुए विवाद का था।
पड़ताल में पता चला कि ग्राम दधेड़ू कला निवासी कलीम पुत्र दलील विवाद के चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली अपने साथ ले गया था। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली ले जाने वाले कलीम पुत्र दलील निवासी दधेड़ू कला और लूट की झूठी सूचना देने वाले इरफान पुत्र शराफत को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों का चालान कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती सूचना लूट की थी, लेकिन विस्तृत जांच में यह आपसी विवाद का मामला निकला। इस पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।