जयंत चौधरी ने दिया मुजफ्फरनगर के युवाओं को दिया तोहफाः 3 करोड़ से बना स्टेडियम

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को केंद्रीय राज्यमंत्री एवं रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने शाहपुर क्षेत्र के गांव सावटू में एक नए स्पोर्ट्स स्टेडियम का उद्घाटन किया। यह स्टेडियम सांसद निधि से तीन करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है।

स्टेडियम के शुभारंभ के दौरान जयंत चौधरी ने युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण भी किया। खेल भावना को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने स्वयं बल्ला थामा और कुछ चौके-छक्के भी लगाए।

जयंत चौधरी ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल का जीवन में विशेष स्थान है। खेल शरीर और मस्तिष्क को स्वस्थ रखते हैं। साथ ही यह प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का माध्यम भी बनते हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण अंचल में कई प्रतिभाएं छिपी हुई हैं। इन प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन और मंच की आवश्यकता है। सावटू का यह नया स्टेडियम ग्रामीण युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने में सहायक होगा।