मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में क्रांति सेना ने वेलेंटाइन वीक के मद्देनजर सख्त रुख अपनाया है। संगठन ने ‘लाठी पूजन’ कर वेलेंटाइन डे और इससे जुड़े आयोजनों का विरोध करने की चेतावनी दी है। यह कार्यक्रम संगठन के कार्यालय पर महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पूनम चौधरी के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
पूनम चौधरी ने बताया कि 14 फरवरी को किस डे, रोज डे, चॉकलेट डे और वेलेंटाइन डे जैसे आयोजनों को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। संगठन के पदाधिकारियों ने बाजार में होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को लिखित चेतावनी-पत्र सौंपे हैं। उन्होंने कहा कि यदि 14 फरवरी को किसी भी स्थान पर प्रेमी युगल “संदिग्ध हालत” में पाए गए तो संगठन उनके खिलाफ कार्रवाई करेगा।
क्रांति सेना की महिला विंग जिला अध्यक्ष पूनम चौधरी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में अश्लीलता फैलाते हैं और माहौल खराब करते हैं। उन्होंने नारा दिया- जहाँ भी मिलेंगे बंटी बबली, तोड़ देंगे हड्डी पसली और जो ना मानेगा झंडे से, वह मानेगा डंडे से संगठन ने जोड़ों को उस्तरे से गंजा करने की भी चेतावनी दी है। संगठन ने 14 फरवरी को पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों की स्मृति में ‘ब्लैक डे’ के रूप में मनाने की भी मांग की है। क्रांति सेना ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से अपील की है कि वेलेंटाइन डे के स्थान पर इस दिन को श्रद्धांजलि दिवस घोषित किया जाए। क्रांति सेना के इस बयान में कठोर शब्दों और दंडात्मक कार्रवाइयों की बात कही गई है। संगठन ने यह भी कहा कि यदि चेतावनी के बावजूद वेलेंटाइन वीक के कार्यक्रम होते हैं, तो इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।