मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र स्थित पीपलशाह गांव में मंगलवार देर रात एक तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई। तेंदुए ने एक पालतू कुत्ते को घर के बाहर से उठाकर खेतों की ओर ले जाकर मार डाला। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ घर के बाहर बैठे कुत्ते को उठाकर ले गया। शोर मचाने पर ग्रामीण तेंदुए के पीछे दौड़े, जिसके बाद तेंदुआ कुत्ते का शव छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। मृत कुत्ते के गले पर दांतों के गहरे निशान मिले हैं, जिससे तेंदुए के हमले की पुष्टि हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर तितावी पुलिस मौके पर पहुंची। वन विभाग के इंस्पेक्टर आदित्य सोनकर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली है और एक टीम मौके पर भेजी जा रही है।
इस घटना के बाद भारतीय किसान यूनियन के नेता और जिला पंचायत सदस्य विकास शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गांव में तेंदुए का लगातार आतंक बना हुआ है, जिससे ग्रामीण भयभीत हैं। शर्मा ने वन विभाग से जल्द प्रभावी कार्रवाई की मांग की है ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
विकास शर्मा ने वन विभाग के अधिकारियों को मामले की जानकारी देते हुए चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि तेंदुए को पकड़ने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम नहीं उठाए गए, तो बुधवार को भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता डीएफओ कार्यालय पर तालाबंदी करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी वन विभाग की होगी।
इस घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण अपने बच्चों को अकेले बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।