मुजफ्फरनगर में किसान नेता शाहिद राजा पर जानलेवा हमला: लहूलुहान हालत में…

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के खालापार क्षेत्र में गुरुवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व सभासद शाहिद राजा पर कुछ युवकों ने कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में शाहिद राजा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बताया जा रहा है कि शाहिद राजा किसी काम से क्षेत्र में निकले हुए थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया और उन पर लाठी-डंडों एवं धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद शाह आलम भी शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे जिला अस्पताल पहुंचे और शाहिद राजा का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि संगठन अपने पदाधिकारी पर हुए हमले को गंभीरता से ले रहा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करता है।

उधर सूचना पर पहुंची खालापार पुलिस ने रात के वक्त ही घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या के प्रयास समेत दो संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

फिलहाल शाहिद राजा का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है, उनके सिर में गंभीर चोट लगना बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है।