मुजफ्फरनगर में हुक्का पी रहे लोगों पर नकाबपोशों ने की फायरिंग

Masked men opened fire on people smoking hookah in Muzaffarnagar.

मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के बझेड़ी गांव में रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब दो नकाबपोश बाइक सवार युवकों ने घर के बाहर बैठकर हुक्का पी रहे लोगों पर अचानक फायरिंग कर दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और भगदड़ मच गई। वहीं, कुछ ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए हमलावरों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वे बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

सूचना पर नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकता है। गांव के लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले बझेड़ी गांव के अड्डे पर दो युवकों द्वारा एक लड़की से छेड़छाड़ की गई थी, जिसके बाद ग्रामीणों ने उन युवकों की पिटाई कर दी थी। पिटाई के बाद युवकों ने धमकी दी थी कि वे इस घटना का बदला लेंगे।

फिलहाल गांव में पुलिस की मौजूदगी बनी हुई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।