मुजफ्फरनगर में पर्यावरण दिवस पर मेगा पौधारोपण अभियान:CMO, SSP समेत अधिकारियों ने लगाए पौधे

मुजफ्फरनगर। विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को मुजफ्फरनगर में पर्यावरण संरक्षण के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वास्थ्य और पुलिस विभाग ने विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कर हरियाली बढ़ाने और जलवायु परिवर्तन से निपटने का संदेश दिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सुनील तेवतिया ने जट मुझेड़ा स्थित पोस्टमार्टम हाउस परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है।

डॉ. तेवतिया ने बताया कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी स्वास्थ्य इकाइयों और स्वास्थ्य विभाग के कार्यालयों में भी वृक्षारोपण के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का जिक्र करते हुए लोगों से अपील की कि वे अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी नियमित देखभाल करें।

इसी क्रम में, रिजर्व पुलिस लाइन में भी विश्व पर्यावरण दिवस पर एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा ने फलदार और छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उनके साथ पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा और प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी पौधारोपण किया। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का एक सतत प्रयास है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया।

दोनों विभागों द्वारा चलाए गए इस वृक्षारोपण अभियान के दौरान, अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने तथा जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।