मुजफ्फरनगर में पारा 41 डिग्री पार: प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, स्कूल का समय बदला

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जिसने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। सोमवार को जिले का तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसके कारण दोपहर में सड़कें सूनी रहीं। चिलचिलाती धूप और तेज लू के थपेड़ों ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया है।

गर्मी से बचाव के लिए लोग मास्क, नकाब, छाता और कैप का उपयोग कर रहे हैं। शरीर को ठंडक पहुंचाने के लिए बाजार में गन्ने का रस, बेल का शरबत और कोल्ड ड्रिंक्स की मांग में तेजी आई है। शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में इन पेय पदार्थों की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

इस बीच, प्रशासन भी गर्मी के प्रकोप से निपटने के लिए सक्रिय हो गया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त) गजेंद्र सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी ने हीट वेव को लेकर सभी विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की है। शहरी क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारियों और ग्रामीण इलाकों में बीडीओ, डीपीआरओ, एसडीएम तथा तहसीलदारों को सार्वजनिक स्थानों पर छाया और पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

दवाइयों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही

उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य विभाग को संक्रामक बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर विशेष टीमें तैनात की जा रही हैं, साथ ही आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।

श्रम विभाग और मनरेगा के तहत काम करने वाले श्रमिकों को राहत प्रदान करते हुए निर्देश जारी किए गए हैं। हीट वेव के दौरान उनसे काम न लेने या तय समय से अधिक काम न कराने को कहा गया है।

स्कूली बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। अब स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे। प्रशासन द्वारा समय-समय पर एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की जा रही है।