मुजफ्फरनगर। यातायात पुलिस ने शनिवार को शिव चौक से ईदगाह पुलिस चौकी तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर गलत तरीके से खड़े किए दुपहिया 90 वाहनों के चालान किए।
एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे के आदेश पर यातायात पुलिस ने सुबह के समय नगर के शिव चौक से भगत सिंह रोड, हनुमान मंदिर व ईदगाह पुलिस चौकी तक अतिक्रमण अभियान चलाया। पुलिस टीम ने सभी दुकानदारों से अपील करते हुए दुकान के बाहर रखे सामान को दुकान के अंदर रखवाया। दुकानदारों ने पुलिस को बताया कि कुछ बाहरी लोग उनकी दुकानों के आगे गलत तरीके से अपने दुपहिया वाहनों को खड़े कर चले जाते हैं। इन वाहनों के कारण वाहनों व पैदल राहगीरों को आने-जाने में परेशानी होती है। इसी के चलते यातायात पुलिस ने इस मार्ग पर खड़े 90 दुपहिया वाहनों के चालान काटे।
यातायात पुलिस ने दुकानदारों से अपील कर कहा कि वह अपनी दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण न करें। सामान दुकान से बाहर रखा मिलने पर जुर्माना की कार्रवाई की जाएगी।