मुजफ्फरनगरः गन्ने से भरी ट्राली पलटी, मच गया हडकंप-यातायात प्रभावित

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के हैबतपुर-चरथावल मार्ग पर गन्ने से भरी एक ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में ट्राली पर सवार एक किसान घायल हो गया। घटना के कारण मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

समाजसेवी विजय ने जानकारी देते हुए बताया कि हैबतपुर निवासी किसान सतीश अपने खेत से गन्ना सेंटर पर गन्ना लेकर जा रहे थे। रास्ते में अचानक ट्राली का संतुलन बिगड़ गया, जिससे गन्ने से लदी ट्राली सड़क पर पलट गई।

दुर्घटना में किसान सतीश को चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल किसान को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

हादसे के बाद मार्ग पर गन्ना बिखर जाने से यातायात बाधित हो गया था। समाजसेवी विजय के अनुसार, जेसीबी मशीन की मदद से सड़क से गन्ना हटाकर मार्ग को साफ किया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।