मुजफ्फरनगर: प्रेम विवाह करने वाले जोड़े ने एसएसपी कार्यालय पहुंच मांगी सुरक्षा

मुजफ्फरनगर: जनपद में प्रेम विवाह करने वाले एक दंपति ने अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचे इस जोड़े ने प्रार्थना पत्र देकर जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। मामला मदीना कॉलोनी निवासी फरहा और नसीरपुर निवासी कासिम से संबंधित है, जिन्होंने परिजनों के विरोध के बावजूद एक साथ जीवन बिताने का फैसला किया है।

3 साल के प्यार के बाद किया निकाह और कोर्ट मैरिज

पीड़ित जोड़े ने बताया कि उनकी मुलाकात लगभग 3 साल पहले एक शादी समारोह में हुई थी, जिसके बाद उनके बीच प्रेम संबंध विकसित हुए। फरहा के अनुसार, उन्होंने बीती 23 मार्च को अपनी मर्जी से मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार निकाह किया और बाद में अपने विवाह को कानूनी मान्यता देने के लिए कोर्ट मैरिज भी कर ली। फरहा ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह विवाह अपनी इच्छा से किया है और उन पर किसी प्रकार का कोई बाहरी दबाव नहीं था।

दंपती का आरोप है कि फरहा के मायके पक्ष के लोग इस शादी से सख्त नाराज हैं और लगातार उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। कासिम ने बताया कि न केवल उन्हें, बल्कि उनके पूरे परिवार को डराया-धमकाया जा रहा है। डरे-सहमे जोड़े ने पुलिस प्रशासन से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और धमकी देने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।a