मुजफ्फरनगर। नगर कोतवाली क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार थार कार ने सड़क पर जमकर कहर बरपाया। जानकारी के अनुसार कार चला रहा युवक नशे की हालत में था और अत्यधिक तेज गति से वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसका नियंत्रण वाहन से हट गया और गाड़ी सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा पूरी तरह मुड़कर “C” आकार का हो गया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर आगे बढ़ी और एक पेड़ से जा टकराई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और स्थिति को देखा।
प्रत्यक्षदर्शी कमल ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद कार सवार युवक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। गनीमत रही कि उस समय सड़क पूरी तरह खाली थी, जिससे किसी राहगीर की जान नहीं गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त थार को कब्जे में ले लिया। फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है।