मुज़फ़्फ़रनगर: नवीन मंडी में जूट के बोरे की दुकान में लगी आग; गोदाम में भीषण अग्निकांड

मेरठ। मुजफ्फरनगर की नवीन मंडी में बारदाने की दुकान और गोदाम में भीषण आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दीवार तोड़कर राहत कार्य शुरू किया गया।

मुजफ्फरनगर की नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित नवीन मंडी में बुधवार देर रात बारदाने की दुकान और गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

रात में बंद कर गए थे दुकान
जानकारी के अनुसार पुरकाजी के मूल निवासी कार्तिक कुमार वर्तमान में नई मंडी क्षेत्र में रहते हैं और नवीन मंडी में उनकी बारदाने की दुकान व गोदाम है। बुधवार रात वह दुकान बंद कर घर चले गए थे।

दीवार तोड़कर अंदर पहुंची दमकल टीम
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावह स्थिति को देखते हुए दमकल कर्मियों ने दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने का प्रयास किया और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की।

अग्निशमन विभाग ने अपनी चार गाड़ियों के साथ-साथ दो पेपर मिलों से भी पानी के दो टैंकर मंगवाए हैं। लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
अग्निशमन विभाग के अधिकारी आरके यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि पूरी जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग बुझाने और नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है।