मुजफ्फरनगर: जनपद में मानसून की पहली बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई, वहीं नगर पालिका की व्यवस्थाओं की भी पोल खोलकर रख दी. बुधवार सुबह हुई बारिश के दौरान शहर के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र मीनाक्षी चौक से खालापार रोड पर सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे करीब 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया.
गड्ढे में बारिश का पानी भर जाने के कारण स्थिति और भी खतरनाक हो गई तथा इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा. समाजसेवी दिलशाद पहलवान के अनुसार कई दोपहिया और अन्य वाहन चालक गड्ढे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए.
सीवर निर्माण में लापरवाही का आरोप: सड़क धंसने के कारण लोगों में दहशत का माहौल है. यह मार्ग खालापार क्षेत्र को शहर से जोड़ने वाले प्रमुख रास्तों में शामिल है, जिस पर दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ समय पहले नगर पालिका द्वारा इस मार्ग पर सीवर लाइन का निर्माण कराया गया था. उनका कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके चलते पहली ही तेज बारिश में सड़क धंस गई.
जांच और मरम्मत की उठी मांग: लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढे की मरम्मत और सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है. फिलहाल सड़क पर बने इस विशाल गड्ढे की चर्चा पूरे शहर में है. मानसून की शुरुआत के साथ सामने आई यह घटना नगर पालिका की कार्यप्रणाली और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है.
प्रशासन ने शुरू की मरम्मत: साथ ही यह भी संकेत दे रही है कि यदि जलनिकासी और सड़क रखरखाव की व्यवस्था समय पर दुरुस्त नहीं की गई तो आने वाले दिनों में लगातार होने वाली बारिश प्रशासन और नगर पालिका के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है. हालांकि सड़क धसने की सूचना मिलने के बाद नगर पालिका प्रशासन भी हरकत में आया और एक टीम मरम्मती कार्य में जुट गया.