मुजफ्फरनगर: में हाईवे पर भीषण हादसा, कार में सवार दो लोगों की मौत

छपार थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। कार में सवार दो लोगों की मौत की सूचना है। हादसा उस समय हुआ जब हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने सामने चल रही उत्तराखंड नंबर की कार संख्या यूके 17 एफ 5781 को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार बेकाबू होकर कई बार पलटी और सड़क किनारे पलटकर क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। कार में सवार दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर छपार थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में हाईवे के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर ट्रैफिक सामान्य कराया।
घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।