मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के चौरावाला गांव निवासी 42 वर्षीय अनिल कुमार पांच साल बाद अपने घर लौट आए हैं। मानसिक रूप से अस्वस्थ अनिल को पाकिस्तान सीमा के पास से बरामद किया गया है। उनके घर लौटने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
अनिल के चचेरे भाई बाबू ने बताया कि अनिल मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। करीब पांच साल पहले वह बिना बताए घर से चले गए थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया था।
सोमवार को गुजरात के वाव-थराद जिले की वाव थाना पुलिस ने ककरौली पुलिस को अनिल के मिलने की सूचना दी। वाव थाना पाकिस्तान सीमा के पास स्थित है। सूचना मिलने पर ककरौली पुलिस ने अनिल के परिजनों को सूचित किया।
सूचना मिलने के बाद परिजन अनिल को लेने गुजरात पहुंचे। परिजनों ने बताया कि वाव थाना पुलिस को अनिल ने शुरुआत में खुद को पाकिस्तान का निवासी बताया था।
बाबू ने यह भी बताया कि 13 साल पहले भी अनिल बिना बताए घर से चले गए थे और कई वर्षों बाद वापस लौटे थे।