मुजफ्फरनगर। जनपद पुलिस ने हाईवे पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए दुपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से “नो हेलमेट नो हाईवे एंट्री” अभियान चलाया। अभियान के तहत पुलिस हाईवे पर खड़े होकर हाथों में “नो हेलमेट नो हाईवे” के बोर्ड लेकर उन चालकों को रोक रही है, जिन्होंने हेलमेट नहीं लगाया है। पुलिस इन दुपहिया वाहन चालकों को शपथ दिलाकर ही हाईवे से गुजरने देती है।
जानकारी के अनुसार यह अभियान 1 जनवरी से दो चरणों में चलाया जा रहा है। पहले चरण में पुलिस ने हेलमेट पहनने के लिए जागरूकता फैलाने का काम किया। दूसरे चरण में शपथ दिलाने के साथ-साथ हेलमेट नहीं पहनने वालों के चालान भी काटे जा रहे हैं।
नई मंडी सीओ राजू कुमार साव ने बताया कि अभियान का उद्देश्य हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं और इससे होने वाली मौतों और चोटों पर नियंत्रण पाना है। बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चालकों को रोककर उन्हें दुर्घटना के खतरों के बारे में बताया जा रहा है और हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सीओ ने कहा कि नागरिक इस अभियान का सकारात्मक असर महसूस कर रहे हैं। कई लोग अब घर से निकलने से पहले हेलमेट पहनते हैं। भोपा रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस लगातार लोगों को जागरूक कर रही है, शपथ दिला रही है और नियम तोड़ने वालों के चालान भी काट रही है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और जनता को सुरक्षित रखने में मदद करेगी।