मुजफ्फरनगर: पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़, दो को गोली लगी, छह गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। रविवार देर रात कुतुबपुर नहर पुल के समीप लूट की योजना बना रहे आठ बदमाशों के साथ मीरापुर पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए, जबकि मौके से भाग रहे 6 को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

घायल बदमाशों पर लूट, डकैती व चोरी जैसे एक-एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मीरापुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी कि कुतुबपुर नहर झाल के पास कुछ बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर इंस्पेक्टर राजीव शर्मा पुलिसबल के साथ पहुंचे और बदमाशों की घेराबंदी की।

इस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। पुलिस ने घायल दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में एक घायल बदमाश ने अपना नाम आरिफ पुत्र मौहम्मद उमर निवासी आशियाना कॉलोनी थाना लिसाड़ी गेट मेरठ और दूसरे ने अपना नाम साजिद पुत्र अनीस निवासी कस्तला थाना काश्माबाद, हापुड़ बताया। पुलिस को इनके कब्जे से दो तमंचे, दो खोखे और दो कारतूस बरामद हुए।

इसके बाद अन्य बदमाशों की तलाश में कॉम्बिंग शुरू की जिसमें छह बदमाशों को पकड़ लिया।इनकी पहचान इकरामुद्दीन पुत्र बुद्दा निवासी मौहल्ला कल्याण सिंह थाना मवाना मेरठ, मुजाहिद पुत्र मौहम्मद इशाक निवासी जंदरपुर थाना कोतवाली नगर बिजनौर, शादाब पुत्र इस्लाम निवासी भोवनवाडा थाना कोतवाली नगर बिजनौर, राशिद पुत्र हसीमुद्दीन निवासी फातिमालेन, बटला हाउस दिल्ली, अकील पुत्र हनीफ निवासी मौहल्ला तहलाम सुमाली नहटौर बिजनौर व ज़ीशान पुत्र नसीम निवासी मंडावली थाना कोतवाली बिजनौर के रूप में हुई है।

पुलिस को पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से 6 चाकू बरामद हुए हैं। मुठभेड़ की सूचना पर नवनियुक्त सीओ जानसठ ऋषिका सिंह भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का जायजा कर जानकारी की।