मुजफ्फरनगर पुलिस ने 250 किलो मावा पकड़ा: दीपावली के लिए हो रही थी डिलीवरी

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के खालापार क्षेत्र में पुलिस ने 250 किलोग्राम मावे से भरी एक डिजायर कार पकड़ी है। यह कार्रवाई फक्कर शाह चौक पर दरोगा लोकेश गौतम के नेतृत्व में की गई। सूचना मिलने पर खाद्य विभाग की आयुक्त अर्चना अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और मावे के नमूने जांच के लिए एकत्रित किए।

यह मावा मेरठ से मुजफ्फरनगर लाया जा रहा था। गाड़ी में मौजूद व्यापारी ने बताया कि मावा दौराला से लाया गया था और मुजफ्फरनगर में तायल परिवार को इसकी डिलीवरी दी जानी थी। पुलिस ने चेकिंग के दौरान गाड़ी रोकी और उसमें अत्यधिक मात्रा में मावा देखकर खाद्य विभाग को सूचित किया।

मावे से भरी गाड़ी पकड़े जाने की खबर फैलते ही शहर के कई मावा व्यापारी मौके पर जमा हो गए। मुजफ्फरनगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय मित्तल भी घटनास्थल पर पहुंचे।

संजय मित्तल ने कहा कि व्यापार मंडल मिलावट के खिलाफ है और मावे की सैंपलिंग होनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने विभाग द्वारा पूरे माल को नष्ट करने की बात पर आपत्ति जताई। मित्तल ने तर्क दिया कि यदि नमूने सही पाए जाते हैं, तो व्यापारी को भारी नुकसान होगा, जिसका जिम्मेदार कौन होगा।

उन्होंने मांग की कि सैंपलिंग होने तक मावे को किसी फ्रिज में सुरक्षित रखा जाए ताकि व्यापारी का नुकसान न हो। मित्तल ने जिले में एक लैब स्थापित करने की भी मांग की, जिससे सैंपलिंग की प्रक्रिया एक दिन में पूरी हो सके और व्यापारी नुकसान से बच सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापार मंडल कभी मिलावट करने वालों का समर्थन नहीं करता, लेकिन माल नष्ट करने की बात पर वे पुलिस थाने आए हैं।