मुजफ्फरनगर पुलिस ने लगाया साइबर जागरूकता स्टॉल:दिवाली मेले पर दी डिजिटल सुरक्षा की जानकारी

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर पुलिस ने श्रीराम कॉलेज में आयोजित दिवाली मेले के दौरान एक साइबर जागरूकता स्टॉल लगाया। इस स्टॉल के माध्यम से छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश और पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ के नेतृत्व में जनपदवासियों को विभिन्न कार्यक्रमों, कॉमिक्स और साइबर जागरूकता वैन के जरिए जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में दिवाली मेले में यह स्टॉल लगाया गया।

स्टॉल पर ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, फेक लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया स्कैम और डिजिटल अरेस्ट जैसे विभिन्न साइबर अपराधों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

इस जागरूकता अभियान का विशेष आकर्षण “चाचा चौधरी एवं साबू” पर आधारित साइबर सुरक्षा कॉमिक्स थीं। इन कॉमिक्स के माध्यम से युवाओं को डिजिटल ठगी से बचाव के सरल और रोचक उपाय बताए गए।

उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों से बचने के लिए हमेशा सतर्क रहने, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने और ओटीपी या बैंक विवरण साझा न करने की सलाह दी गई। धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर संपर्क करने को कहा गया। निकटतम थाने पर मौजूद साइबर हेल्प डेस्क से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और अन्य आगंतुकों ने स्टॉल पर पहुंचकर साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की। सभी ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में डिजिटल साक्षरता बढ़ाने में अत्यंत उपयोगी हैं।