मुजफ्फरनगर: खतौली में पुलिस टीम पर हमला, वांछित को छुड़ा ले गई भीड़

मुजफ्फरनगर। तहसील क्षेत्र के मोहल्ला देवीदास में बुधवार को भारी बवाल हो गया। एक वांछित अपराधी को दबोचने पहुँची पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों और परिजनों ने हमला बोल दिया। भीड़ ने न केवल पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और हाथापाई की, बल्कि पुलिस की गिरफ्त में आ चुके वांछित आरोपी को भी जबरन छुड़ाकर फरार कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खतौली पुलिस को सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी विनोद मोहल्ला देवीदास के एक मकान में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने जब मौके पर पहुँचकर आरोपी को हिरासत में लिया और बाहर निकलने लगी, तभी अचानक दर्जनों की संख्या में महिला-पुरुषों ने पुलिस टीम को घेर लिया। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और हाथापाई करते हुए विनोद को पुलिस की पकड़ से आजाद करा लिया।

कोतवाल ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल दिनेश चन्द्र बघेल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठियां भांजकर उन्हें मौके से खदेड़ा। इसके बाद पुलिस ने फरार हुए आरोपी विनोद की तलाश में घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन वह हाथ नहीं लग सका। इस घटना के बाद से मोहल्ला देवीदास में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

एक दर्जन से अधिक पर मुकदमा
इस मामले में सिपाही धनेश नागर की तहरीर पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर हमला करने और आरोपी को भगाने का उल्लेख किया गया है। इंस्पेक्टर दिनेश चंद बघेल ने कड़े लहजे में कहा कि वर्दी पर हाथ डालने वालों और कानून को चुनौती देने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। वांछित विनोद के साथ-साथ उसे छुड़ाने वाले हर एक उपद्रवी को चिह्नित कर लिया गया है, जल्द ही सबकी गिरफ्तारी होगी।