मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर और शामली जनपद के समग्र विकास की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) की 59वीं बोर्ड बैठक मंगलवार को मण्डलायुक्त सभागार, सहारनपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष, विकास प्राधिकरण मुजफ्फरनगर/मण्डलायुक्त सहारनपुर ने की।
बैठक में जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर एवं शामली, उपाध्यक्ष एवं सचिव मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण सहित नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल निगम और कोषागार विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा माननीय बोर्ड सदस्य शरद शर्मा एवं गजे सिंह भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में सर्वप्रथम पिछली 58वीं बोर्ड बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई। इसके बाद 59वीं बैठक में विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए उन्हें सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।
बोर्ड द्वारा प्राधिकरण के बजट प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर योजना के अंतर्गत निस्तारित संपत्तियों को निष्प्रयोज्य घोषित करने, सेवानिवृत्त एवं अंशकालिक कर्मचारियों को सेवायोजन में रखने जैसे प्रशासनिक प्रस्तावों को भी हरी झंडी दी गई।
शहर के भविष्य को ध्यान में रखते हुए मुजफ्फरनगर महायोजना की सीमा का विस्तार जानसठ रोड, दिल्ली रोड, रुड़की रोड, सहारनपुर रोड और शामली रोड की दिशा में किए जाने का निर्णय लिया गया। वहीं ए.टू.जेड रोड को उपलब्ध चौड़ाई के अनुसार चौड़ा किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई, जिससे यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा।
इसके अलावा शामली महायोजना को और प्रभावी बनाने के लिए 52 ग्रामों को शामिल करते हुए जीआईएस आधारित महायोजना तैयार किए जाने के प्रस्ताव को भी बोर्ड की स्वीकृति मिली।
बोर्ड सदस्यों ने कहा कि इन निर्णयों से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी, आधारभूत ढांचे में सुधार होगा और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नियोजित विकास सुनिश्चित किया जा सकेगा।