मुजफ्फरनगर: गोभी रख रहा था दुकानदार, अचानक तेज रफ्तार कार दुकान में घुसी

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक अनियंत्रित कार अचानक सड़क किनारे लगी सब्जी की दुकान में जा घुसी। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि कार के दुकान में घुसने से वहां रखी सब्जियां और कुछ अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया।

यह घटना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के ए टू जेड रोड की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे एक महिला कार चलाना सीख रही थी। इसी दौरान अचानक कार से उसका नियंत्रण हट गया और तेज रफ्तार में कार सड़क किनारे स्थित एक सब्जी की दुकान में जा घुसी।

सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि अचानक एक कार दुकान की ओर तेजी से बढ़ती है। दुकान पर मौजूद युवक कुछ ही सेकंड में स्थिति को समझ जाता है और तुरंत बाहर की ओर भागता है। उसकी यही फुर्ती उसकी जान बचा देती है। अगर वह थोड़ी भी देर करता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

दुकानदार ने बताया कैसे बची जान
दुकानदार मोनू ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह अपनी दुकान पर काम कर रहे थे, गोभी आदि सब्जियां रख रहे थे। उसी समय अचानक एक कार तेज रफ्तार में उनकी दुकान की ओर आती दिखाई दी। उन्होंने बताया कि कार चला रही महिला गाड़ी चलाना सीख रही थी और इसी दौरान एक्सीलेटर पर ज्यादा दबाव पड़ गया। इससे कार अनियंत्रित होकर सीधे उनकी दुकान में घुस गई।

मोनू के मुताबिक जैसे ही उन्होंने कार को अपनी ओर आते देखा, वह तुरंत दुकान से बाहर की ओर भागे और किसी तरह अपनी जान बचाई।

दुकान का सामान हुआ क्षतिग्रस्त
इस हादसे में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई, लेकिन दुकान में रखी सब्जियां और कुछ अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।