मुजफ्फरानगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के शाहपुर क्षेत्र के बसीकला गांव में दुल्हन को लेकर लौट रही बारात पर कथित तौर पर घात लगाकर हमला कर दिया गया। आरोप है कि पुरानी राजनीतिक रंजिश के चलते दूल्हे और उसके परिजनों को निशाना बनाया गया। इस हमले में दूल्हे अकरम समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने 20 नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अचानक से 50 से 60 लोगों ने दूल्हा पक्ष पर बोला हमला
जानकारी के अनुसार, गांव बसीकला निवासी अकरम की बारात 8 जनवरी को खतौली गई थी। निकाह की रस्म पूरी होने के बाद शाम को बारात दुल्हन के साथ वापस गांव पहुंची। आरोप है कि जैसे ही दूल्हा और उसके रिश्तेदार घर के बाहर स्वागत की तैयारियों में जुटे थे, तभी गांव के ही कुछ लोग अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गए और अचानक मारपीट शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब 50-60 लोग लाठी-डंडों और पत्थरों के साथ मौके पर मौजूद थे। हमले में दूल्हा पक्ष के कई लोग घायल हो गए। इरशाद, कैफ और सानू को गंभीर चोटें आने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वलीमे का कार्यक्रम रद्द
दूल्हे अकरम ने आरोप लगाया कि वह कार में अपनी दुल्हन के साथ बैठे थे, तभी उन पर भी हमला किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी चेन, अंगूठी और घड़ी छीन ली गई। शादी में मिली नई कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। दूल्हे अकरम ने आरोप लगाया है कि वो और उसका परिवार भाजपा समर्थक है। उसके घर पर भाजपा के झंडे और पोस्टर लगे थे। आरोप है कि आरोपियों ने भाजपा के लगे झंडे उखाड़कर फेंक दिए और भविष्य में किसी भी प्रकार का कार्यक्रम करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। घटना के बाद परिवार ने दहशत के माहौल में वलीमे का कार्यक्रम रद्द कर दिया।
20 लोगों को नामजद किया गया है
हमले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सलमान, एजाज, आशु, शादाब, सारिक समेत 20 लोगों को नामजद किया गया है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।