उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में मिमलाना रोड निवासी साजिद नामक युवक ने बीती 4 फरवरी को सऊदी अरब में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना उस वक़्त हुई जब साजिद अपनी पत्नी गुलअफशा से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था. इसी बीच दोनों में किसी बात पर बहस हो गयी और साजिद ने आत्मघाती कदम उठा लिया है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
शव आने में देरी पर परिजन अब साजिद के शव को सऊदी अरब में ही दफनाने की बात कर रहे हैं. उनके मुताबिक वहां का प्रशासन शव भेजने में देरी कर रहा है. जिस कारण शब के खराब होने की संभावना है.
अगस्त 2025 में गया था सऊदी अरब
जानकारी के मुताबिक साजिद ने 16 अगस्त 2025 को पहली बार सऊदी अरब जाकर फैमिली ड्राइविंग का काम शुरू करने गया था. लेकिन उसकी पहली यात्रा ही आखिरी साबित हो गयी. साजिद की शादी 2020 में बरला गांव निवासी गुलअफशा से हुई थी और उनके दो छोटे बेटे हैं. परिवार का कहना है कि घर में कोई बड़ा विवाद नहीं था, लेकिन वीडियो कॉल के दौरान हुई सामान्य बातचीत में कुछ ऐसा हुआ जिससे साजिद इतना नाराज हो गया कि उसने यह कदम उठा लिया.
साजिद के बड़े भाई मोहम्मद खालिद ने बताया कि 4 फरवरी को उसने फांसी लगाकर सुसाइड किया. कारण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. घर में भी कोई विवाद नहीं था. वाइफ से नॉर्मल बात हुई, लेकिन अचानक खबर आई कि उसने सुसाइड कर लिया. पत्नी ने अपने भाई को फोन किया, फिर हमें पता चला.
सऊदी में शव दफनाने का इरादा
एक सप्ताह से अधिक समय बीट गया, लेकिन अभी साजिद का शव नहीं आ सका है. परिजनों के मुताबिक वहां कागजी कार्रवाई काफी लंबी है, इसलिए वक़त लग रहा है. खालिद के मुताबिक बुधवार को ही पोस्टमार्टम हुआ है. इसलिए कहीं शव खराब न हो जाए, सोच रहे हैं वहीँ दफना दिया जाए. भारतीय दूतावास को मेल भी किया जा चुका, लेकिन प्रक्रिया बहुत धीमे चल रही है. वहां एक और भाई व अन्य परिजन भी हैं.