मुजफ्फरनगर: शहरवासियों को भीषण जाम से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने अब तक का सबसे सख्त कदम उठाया है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक में निर्णय लिया गया है कि मेरठ के भैंसाली डिपो से आने वाली रोडवेज बसें अब दिन के समय शहर के व्यस्त इलाकों में प्रवेश नहीं करेंगी। यह नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ और रोडवेज के अधिकारियों की मौजूदगी में शहर के संभ्रांत नागरिकों के सुझावों पर मुहर लगाई गई। नई व्यवस्था के तहत सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक रोडवेज बसें राणा बहलना चौक से ही संचालित होंगी। रात 8 बजे के बाद ही बसों को शहर के अंदर आने की अनुमति मिलेगी।
सवारी उतारने और बैठाने के बदले नियम:
प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि रोडवेज बसें अब महावीर चौक और जीआईसी मैदान जैसे भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर न तो सवारी उतारेंगी और न ही बैठाएंगी। यात्रियों के लिए जानसठ पुल के नीचे एक निर्धारित स्थान तय किया गया है, ताकि मुख्य मार्ग अवरुद्ध न हो। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें लापरवाही बरतने वाले बस चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।