मुजफ्फरनगर में ‘नो हेलमेट नो हाइवे’ मुहिम: लगाम कसने को 66 पॉइंट चिह्नित

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर पुलिस ने जिले में सड़क हादसों को रोकने के लिए ‘नो हेलमेट नो हाईवे’ अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत के नेतृत्व में यह मुहिम चलाई जा रही है, जिसके तहत बिना हेलमेट वाले दोपहिया वाहन चालकों को हाईवे पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

इस अभियान के लिए हाईवे से जुड़े 66 ऐसे पॉइंट चिह्नित किए गए हैं, जहां हादसों का खतरा सबसे अधिक रहता है। पुलिस इन पॉइंट्स पर आकस्मिक चेकिंग करेगी और गांवों से बिना हेलमेट आने वाले दुपहिया वाहन चालकों को वापस भेजेगी। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे चालान काटने के बजाय चालकों को हाईवे पर प्रवेश न दें।

यह अभियान उत्तर प्रदेश के महानिदेशक के आदेश पर प्रदेश भर में चल रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। इसका मुख्य उद्देश्य हादसों में होने वाली मौतों के आंकड़े को 50 प्रतिशत तक कम करना है। दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर वहां आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली-हरिद्वार हाईवे से जुड़े रास्तों पर यह मुहिम शुरू की गई है। खतौली, मंसूरपुर, खालापार, शहर कोतवाली, नई मंडी, छपार और पुरकाजी थानों से जुड़े 66 रास्ते चुने गए हैं। इनमें से सर्वाधिक 22 पॉइंट शहर कोतवाली से संबंधित हैं। अक्सर देखा जाता है कि बिना हेलमेट वाहन चलाने से हादसों का जोखिम बढ़ जाता है।

देर शाम पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने फोर्स के साथ सड़कों पर उतरकर बैरिकेडिंग लगाकर चेकिंग अभियान चलाया। उन्होंने दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने की हिदायत दी। एसपी सिटी ने बताया कि यह अभियान दुर्घटनाओं को रोकने के लिए है और आगामी सात दिनों तक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें पहले चरण में कोई चालान नहीं किया जाएगा।